।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
श्रावण कृष्ण चतुर्थी, वि.सं.–२०७०, शुक्रवार
गीताकी शरणागति
 

(गत ब्लॉगसे आगेका)
मैं जहाँ रहता हूँ, वह भगवान्‌का घर है; जो काम करता हूँ, वह भगवान्‌का काम है; जो पाता हूँ, वह भगवान्‌का प्रसाद है और जिन माता-पिता, स्त्री-पुत्र आदिका पालन करता हूँ, वे भगवान्‌के ही जन हैं । जैसे विवाह होनेपर स्त्रीका गोत्र बदल जाता है, पतिका गोत्र ही उसका गोत्र हो जाता है, ऐसे ही शरणागत भक्तका ‘अच्युतगोत्र’ हो जाता है । गोस्वामीजी महाराज कहते हैं‒‘साह ही को गोतु गोतु होत है गुलाम को’ (कवितावली, उत्तर॰ १०७) ।

       जैसे पहलवान मनुष्यके किसी अंगमें कोई कमजोरी हो तो उसको पकड़ लेनेसे वह हार जाता है, ऐसे ही भगवान्‌की भी एक कमजोरी है, जिसको पकड़ लेनेसे वे इधर-उधर नहीं हो सकते, हार जाते हैं ! वह कमजोरी है‒एक भगवान्‌के सिवाय अन्य किसीका सहारा न लेना अर्थात्‌ अनन्यभावसे भगवान्‌की शरण लेना‒
एक बानि     करुनानिधान की ।
सो प्रिय जाकें न गति आन की ॥
                                     (मानस, अरण्य॰ १०/४)

        मीराबाईने कहा है‒‘मेरे तो गिरधर गोपाल, दूसरों न कोई’ । ‘मेरे तो गिरधर गोपाल’‒यह तो सब कह देते हैं, पर ‘दूसरों न कोई’‒यह नहीं कहते, प्रत्युत माता-पिता, भाई-बन्धु, कुटुम्बी, धन-सम्पत्ति, विद्या, योग्यता आदि किसी-न-किसीका आश्रय भी साथमें रखते हैं । जैसे किसी राजाका बेटा दूसरोंसे भीख माँगने लगे तो वह राजाको नहीं सुहाता, ऐसे ही सत्‌-चित्-आनन्दरूप भगवान्‌का अंश जीव जब असत्‌-जड़-दुःखरूप संसारका आश्रय लेता है तो वह भगवान्‌को नहीं सुहाता; क्योंकि इसमें जीवका महान्‌ अहित है । भगवान्‌को वही प्यारा लगता है, जो अन्यका आश्रय नहीं लेता‒‘सो प्रिय जाकें गति न आन की’ । भगवान्‌ कहते हैं‒‘मय्यर्पितमनोबुद्धिर्यो मद्भक्तः स मे प्रियः’ (गीता १२/१४) ‘मेरेमें अर्पित मन-बुद्धिवाला जो मेरा भक्त है, वह मेरेको प्रिय है ।’

       सर्वथा भगवान्‌की शरण हो जायँ तो फिर वे छोड़ नहीं सकते । परन्तु जो भगवान्‌के सिवाय अन्यका सहारा रखता है, धन, बल, बुद्धि, योग्यता, वर्ण-आश्रम, विद्या आदिका सहारा रखता है तो फिर भगवान्‌ उसकी पूरी रक्षा नहीं करते । जब वह पूरी शरण हुआ ही नहीं तो फिर उसकी पूरी रक्षा कैसे करें ? इसलिये भगवान्‌ कहते हैं‒‘मामेकं शरणं व्रज’ ‘केवल मेरी शरणमें आ’ । परन्तु शरणागतके भीतर ऐसी दृढ़ता रहनी चाहिये कि भगवान्‌ भले ही मेरी रक्षा न करें, मेरी कितनी ही हानि हो जाय, चाहे शरीर नष्ट हो जाय तो भी आश्रय भगवान्‌का ही रखूँगा । चैतन्य महाप्रभु कहते हैं‒
                                       आश्लिष्य वा पादरतां पिनुष्ट मा-
                                                            मदर्शानान्मर्महतां करोतु वा ।
                                        यथा तथा वा विदधातु लम्पटो
                                                            मत्प्राणनाथस्तु स एव नापरः ॥
                                                                                (शिक्षाष्टक ८)

‘वे चाहे मुझे हृदयसे लगाकर हर्षित करें या चरणोंमें लिपटे हुए मुझे पैरोंतले रौंद डालें अथवा दर्शन न देकर मर्माहत ही करें । वे परम स्वतन्त्र श्रीकृष्ण जैसे चाहे वैसे करें, मेरे तो वे ही प्राणनाथ हैं, दूसरा कोई नहीं ।’

     (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒ ‘जित देखूँ तित तू’ पुस्तकसे