।। श्रीहरिः ।।

आजकी शुभ तिथि–
माघ शुक्ल पंचमी, वि.सं.–२०७०, मंगलवार
वसन्तपंचमी
भगवान्‌ और उनकी भक्ति


(गत ब्लॉगसे आगेका)
इसलिये उसको ऐसा दीखता है कि जो अच्छा होता है, वह भगवान्‌की कृपासे होता है और जो बुरा होता है, वह मेरी भूलसे होता है । वास्तवमें बात भी यही सच्ची है । भक्त कोई चालाकी नहीं करता, झूठ नहीं बोलता, प्रत्युत उसको ऐसा ही दीखता है कि मैं तो जैसा हूँ, वैसा ही हूँ ! यह तो ठाकुरजीकी कृपासे ऐसा काम बन गया, जिसको लोग मेरा मानकर मेरी बड़ाई कर रहे हैं । जब हनुमान्‌जी लंकासे लौटकर भगवान् रामके पास आये, तब भगवान्‌ने उनसे कहा‒
सुनु कपि तोहि   समान उपकारी ।
नहिं कोउ सुर नर मुनि तनुधारी ॥
                                                             (मानस, सुन्दर॰ ३२ । ३)

यह सुनकर हनुमान्‌जी ‘त्राहि ! त्राहि !!’ कहते हुए भगवान्‌के चरणोंमें गिर गये‒
सुनि प्रभु बचन बिलोकि मुख गात हरषि हनुमंत ।
चरन  परेउ  प्रेमाकुल    त्राहि    त्राहि  भगवंत ॥
                                                                             (मानस, सुन्दर॰ ३२)

हनुमान्‌जीपर ऐसी कौन-सी आफत आ रही थी,जिससे बचनेके लिये उन्होंने ‘त्राहि ! त्राहि !!’ (बचाओ ! बचाओ !!) कहा ? वह आफत थी‒ अभिमान । भगवान्‌के द्वारा अपनी बड़ाई सुनकर कहीं अभिमान न आ जाय,इसलिये वे त्राहि-त्राहि पुकारने लगे और बोले कि सब कुछ आपके प्रतापसे ही हुआ है, मेरे बलसे नहीं‒
सो सब तव प्रताप रघुराई । नाथ न कछू मोरि प्रभुताई ॥
                                                               (मानस, सुन्दर॰ ३३ । ५)

जहाँ अपना अभिमान नहीं होता, वहाँ साधकको कोई बाधा नहीं लगती । बाधा वहीं लगती है, जहाँ अपनेमें कुछ योग्यता, बल, समझदारी, विद्या, वैराग्य, त्याग, जप आदिका अभिमान होता है । भक्त अपनेमें कोई योग्यता नहीं देखता, प्रत्युत अपनेको सर्वथा अयोग्य समझता है । इसलिये उसमें भगवान्‌की योग्यता काम करती है । एक भगवान्‌के शरण हो जाय तो सब काम भगवान् करते हैं‒‘लाद दे, लदवा दे, लदवानेवाला साथ दे’, ‘योगक्षेमं वहाम्यहम्’ (गीता १ । २२) । यह अनन्यभक्ति है । भगवान्‌की एक बान (स्वभाव,आदत या प्रकृति) है कि उनको वही भक्त प्यारा लगता है,जिसका दूसरा कोई सहारा नहीं है‒
एक बानि   करुनानिधान  की ।
सो प्रिय जाके गति न आन की ॥
                                                             (मानस, अरण्य॰ १० । ४)
इसलिये‒

एक भरोसो एक बल       एक आस बिस्वास ।
एक राम घन स्याम हित चातक तुलसीदास ॥
                                                                             (दोहावली २७७)

‒इस प्रकार अनन्यभावसे केवल भगवान्‌के आश्रित रहे और भजन करे । भजनका भी अभिमान नहीं होना चाहिये कि मैं इतना जप करता हूँ, इतना ध्यान करता हूँ आदि ।

   (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒‘भगवान्‌ और उनकी भक्ति’ पुस्तकसे