।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
शुद्ध आषाढ़ शुक्ल चतुर्दशी, वि.सं.–२०७२, गुरुवार
व्रत-पूर्णिमा
सन्त-चरण-रजका तात्पर्य


(गत ब्लॉगसे आगेका)
कुछ लोग सोचते हैं कि हम सन्तोंकी चरण-रज ले लेंगे तो हमारा कल्याण हो जायगा; अतः यदि सन्त नहीं लेने देंगे तो छिपकर अथवा चोरीसे ले लेंगे । भाई ! इससे कल्याण नहीं होगा, उद्धार नहीं होगा । अगर उन (सन्त) की चरण-रजसे उद्धार हो जाय तो उस चरण-रजको इकट्ठा कर पोटली बाँधकर कुएँमें डाल दिया जाय ताकि जो भी उस जलको पीयेंगे उन सबका उद्धार हो जायगा; परन्तु यह बिलकुल फालतू (निरर्थक) बात है । धूलमें धूल है, अर्थात् धूलमें क्या पड़ा है ! तात्पर्य यह है कि सन्तोंका इतना माहात्म्य है कि उनकी स्पर्श की हुई हवा, चरण-रज आदि परम पवित्र होते हैं । उनके दर्शन भी परम पवित्र करनेवाले होते हैं । पर मूल माहात्म्य तो भाई, उनके ज्ञानका है ।

सर्वज्ञ मुनिने संक्षेप-शारीरिक-भाष्यमें लिखा है‒

यत्पादपंकजरजःश्रयणं विना मे
सन्नप्यसन्निव परः पुरुषः पुरासीत् ।
यत्यादपंकजरजः श्रयणादिदानीं
नासीन्न चास्ति न भविष्यति भेदबुद्धिः ॥

‘मैंने जबतक उन महापुरुषोंकी चरण-रज्जीका आश्रय नहीं लिया, तबतक, होता हुआ भी, वह सच्चिदानन्दघन परमात्मा, नहींकी तरह था अर्थात् भगवान् है कि नहीं, पता नहीं‒ऐसी दशा थी; परन्तु जब मैंने उनकी चरण-रज्जीको स्वीकार किया तो मालूम पड़ा कि न भेद-बुद्धि थी, न है और न होगी ।’

यहाँ चरण-रज्जीको स्वीकार करनेका तात्पर्य उनकी अनुकूलताको स्वीकार करना है ।

सन्तोंकी कृपा कब होती है ? उनके मनके अनुकूल बननेसे । जैसे बछड़ा आकर दूध पीने लगता है तो गायके शरीरमें रहनेवाला दूध थनोंमें आ जाता है, ऐसे ही जब कोई श्रद्धा-प्रेमपूर्वक सन्त-महापुरुषसे प्रश्न करता है तो उनका समस्त ज्ञान बुद्धि, मन और वाणीमें आने लगता है, टपकने लगता है । यह सब उनके अनुकूल बननेकी महिमा है, धूल अथवा मिट्टीकी महिमा नहीं है ।

इसलिये भाई ! वे महापुरुष जिस ज्ञानसे बने हैं, उनसे वह ज्ञान लेना चाहिये । जैसे कपड़ेके बाजारमें कपड़ा और साग-पत्तीके बाजारमें साग-पत्ती मिलती है; ऐसे ही वास्तविक तत्त्व तो उस तत्त्वको जाननेवाले सन्त जहाँ हैं, उस बाजारमें ही मिलेगा । चरण-रज लेनेका तात्पर्य उस ‘तत्त्व’ को लेनेमें है, पर लोग रज्जी लेनेमें लगे हुए हैं । अरे ! उनकी चरण-रज्जीका इतना माहात्म्य है तो उन स्वयंका कितना माहात्म्य होगा ? उनके ‘ज्ञानका’ कितना माहात्म्य होगा ? वे कितने विशेष जानकार होंगे ? वह जानकारी हमें ग्रहण करनी चाहिये ।

   (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒‘सत्संगकी विलक्षणता’ पुस्तकसे