।। श्रीहरिः ।।




आजकी शुभ तिथि–
       पौष शुक्ल सप्तमी, वि.सं.-२०७४, सोमवार
  भगवत्प्राप्तिके विविध सुगम उपाय


भगवत्प्राप्तिके विविध सुगम उपाय

(गत ब्लॉगसे आगेका)

११. प्रकीर्ण

(१)

हमें यह जन्म भगवान्‌ने दिया है । कोई यह नहीं कह सकता कि मैंने अपनी मरजीसे जन्म लिया है और मैं इतने वर्ष जीऊँगा । हम भगवान्‌की मरजीसे आये हैं, भगवान्‌की मरजीसे जी रहे हैं और भगवान्‌की मरजीसे जायँगे । इसलिये हम भगवान्‌के हैं । भगवान्‌के भरोसे निश्चिन्त हो जाओ । हम भगवान्‌की मरजीसे बैठे हैं । आज मर जायँ तो कोई दुःख नहीं, सन्ताप नहीं ! भगवान्‌की जैसी मरजी हो, वैसा करें । तीन बातें मान लें‒कोई शुद्ध-सात्त्विक खिलाना चाहे तो खा लें, सुनना चाहे तो सुना दें, मिलना चाहे तो मिल लें । अपना कोई काम नहीं ! केवल इसी बातसे आप निहाल हो जाओगे ! कुछ बाकी नहीं रहेगा ! इसमें क्या परिश्रम है, क्या कठिनता है ? हमें न खानेकी इच्छा है, न सुनानेकी इच्छा है, न मिलनेकी इच्छा है । अपनी कोई इच्छा नहीं, किसी चीजकी जरूरत नहीं । केवल इतनी बातसे भगवान्‌की प्राप्ति हो जायगी ।

(२)

संसारकी आसक्तिके कारण परमात्मप्राप्तिको कठिन मानते हैं, वास्तवमें कठिन है नहीं । परमात्मप्राप्ति हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है । हम परमात्माके अंश हैं । नाशवान्‌को सत्ता और महत्ता देकर उसके साथ सम्बन्ध जोड़ लिया, इसीसे बाधा लग रही है । संसारकी जितनी विघ्न-बाधाएँ हैं, वे सब-की-सब नाशवान् हैं; परन्तु हम अविनाशी हैं, परमात्माके अंश हैं । फिर ये विघ्न-बाधाएँ हमारा क्या बिगाड़ सकती हैं ? काम-क्रोधादि जितनी बाधाएँ हैं, सब नाशवान् हैं, अविनाशी नहीं, फिर उनसे क्या डरना ? अविनाशी बाधा कोई है ही नहीं । कोई बाधा ठहरनेवाली है ही नहीं, हो सकती ही नहीं । बाधाएँ आती-जाती हैं, पर हम हरदम रहते हैं‒यह सबके अनुभवकी बात है । अविनाशीके सामने विनाशीकी क्या इज्जत है ? विनाशीसे डरना, उसको ज्यादा महत्त्व देना ही गलती है । उसको महत्व न देकर परमात्माको महत्व दें और उन्हें पुकारें तो वे मदद करनेको हरदम तैयार हैं ।

(३)

‘मेरा कुछ नहीं है, मेरेको कुछ नहीं चाहिये’‒यह बात मान लो तो आप निहाल हो जाओगे ! यह बहुत ऊँची और तत्काल शान्ति देनेवाली बात है । विचार करें, जो वस्तु मेरी दीखती है, वह सदा आपके साथ रहेगी क्या ? आप सदा उसके साथ रहोगे क्या ? इस बातको पकड़ लो तो ममता मिट जायगी । अगर आपको जल्दी तत्त्वका अनुभव करना हो तो यह बहुत बढ़िया उपाय है । आपने साधन करते इतने वर्ष बिता दिये, अब मेरे कहनेसे दो-तीन दिन यह करके देख लो कि ‘मेरा कुछ नहीं है, मेरेको कुछ नहीं चाहिये’ । जो लाभ वर्षोंसे नहीं हुआ, वह केवल इस बातको माननेसे हो जायगा कि ‘मेरा कुछ नहीं है, मेरेको कुछ नहीं चाहिये’ । इस बातको माननेसे लाभ ही होगा, नुकसान किंचिन्मात्र भी नहीं होगा । जो चीज दीखे, ‘यह मेरी नहीं है’; क्योंकि कोई भी चीज आपके साथ रहनेवाली नहीं है ।


चाहे आप यह मान लो कि ‘मेरा कुछ नहीं है, मेरेको कुछ नहीं चाहिये’, चाहे आप यह मान लो कि ‘भगवान् मेरे हैं, मैं भगवान्‌का हूँ’ । दोनोंमें आपको जो बढ़िया लगे, वह बात मान लो । चाहे दोनों बातें एक साथ मान लो ।

  (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒‘लक्ष्य अब दूर नहीं !’ पुस्तकसे