।। श्रीहरिः ।।




आजकी शुभ तिथि–
     माघ कृष्ण तृतीया, वि.सं.-२०७४, गुरुवार  
मैं नहीं, मेरा नहीं 


(गत ब्लॉगसे आगेका)

श्रोता‒क्या हमारा खराब प्रारब्ध किसी उपायसे बदला जा सकता है ?

स्वामीजी‒क्यों बदलें ? प्रारब्ध खराब है तो भोग करके नष्ट कर दो । लोभी आदमी टैक्सीके लिये पैसा खर्च न करके पैदल चला जाता है । हम प्रारब्धको मिटानेके लिये भगवान्‌का भजन क्यों खर्च करें ? शूरवीरतासे उसको भोग लें । भीष्मजी महाराजके शरीरमें दो अंगुल भी जगह ऐसी नहीं बची थी, जहाँ बाण लगनेसे घाव न हुआ हो । परन्तु उस अवस्थामें भी वे कहते हैं कि मेरे जितने कर्म हैं, सब फल भुगतानेके लिये आ जाओ !

उपतिष्ठन्तु   मां   सर्वे   व्याधयः   पूर्वसञ्चिताः ।
अनृणो गन्तुमिच्छामि तद् विष्णोः परमं पदम् ॥
                                 (महाभारत, शान्ति॰ २०९)

‘पूर्वजन्ममें जिन कर्मोंका मेरे द्वारा संचय किया गया है, वे सभी रोग मेरे शरीरमें उपस्थित हो जायँ । मैं सबसे उऋण होकर भगवान् विष्णुके परमधामको जाना चाहता हूँ ।’

गीतामें आया है कि जिसकी दृष्टिमें सब कुछ परमात्मा ही हैं, ऐसा महात्मा अत्यन्त दुर्लभ है‒‘वासुदेवः सर्वमिति स महात्मा सुदुर्लभ’ (गीता ७ । १९) । भगवान्‌ने पहले ‘पृथ्वी, जल, तेज, वायु आकाश (‒ये पंचमहाभूत) और मन, बुद्धि तथा अहंकार’‒इस प्रकार आठ प्रकारके भेदोवाली ‘अपरा प्रकृति’ का और जीवरूप ‘परा प्रकृति’ का वर्णन किया । इन दोनों प्रकृतियोंको भगवान्‌ने अपना बताया । प्रकृति और प्रकृतिवाला दो होते हुए भी एक हैं और एक होते हुए भी दो हैं । जैसे, आप और आपका स्वभाव दो होते हुए भी एक हैं और एक होते हुए भी दो हैं । आप अपने स्वभावको अपनेसे अलग करके दिखा नहीं सकते । स्वभाव बदलता है, पर आप नहीं बदलते । चौरासी लाख योनियोंमें जानेपर भी आप वे-के-वे ही रहते हैं ।


योगदर्शनमें लिखा है कि किसी एक ध्येयमें धारणा, ध्यान और समाधि‒इन तीनोंका होना ‘संयम’ कहलाता है‒‘त्रयमेकत्र संयमः’ (विभूति॰ ४) । मनुष्य जिसके बलमें संयम करेगा, उसको वैसा ही बल मिल जायगा‒‘बलेषु हस्तिबलादीनि’ (विभूति॰ २४) । जैसे हमने कभी हाथीका शरीर धारण किया था, उसको योगशक्तिसे जान लें और उसमें धारणा करें तो अपनेमें हाथीका बल आ जायगा । इस तरह जिस-जिस शरीरके बलकी धारणा करेंगे, उस-उसका बल इस शरीरमें आ जायगा । देवताओं, असुरों, राक्षसोंका बल भी आ जायगा । चौरासी लाख योनियोंकी जो शक्तियाँ हैं, वे सब शक्तियाँ धारणा करनेसे हमारेमें आ सकती हैं । अभी भाई-बहनोंने धारणा ही तो कर रखी है कि मैं स्त्री हूँ, मैं पुरुष हूँ, मैं पढ़ा-लिखा हूँ, मैं अपढ़ हूँ आदि । धारणाके अनुसार अपनेमें बल दीखता है । चौरासी लाख योनियोंमें हमने धारणा की है । हमें याद नहीं है, पर शास्त्र कहते हैं । हमने देवताओंका शरीर भी धारण किया तो उसको याद करके देवताओंकी शक्तिमें संयम किया जाय तो संयम करते ही वह शक्ति अपनेमें आ जायगी । इस तरह देवता, राक्षस, पशु, पक्षी आदि किसीके भी बलमें संयम करनेसे वह शक्ति आ जायगी । कण्ठके मूलमें संयम करनेसे भूख-प्यास मिट जाती है । वास्तवमें सब शक्तियाँ अपनेमें अर्थात् चेतनमें ही हैं ।

   (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒‘मैं नहीं, मेरा नहीं’ पुस्तकसे