।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
 फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी, वि.सं.-२०७४, गुरुवार
         अनुदया पूर्णिमा, श्रीचैतन्य महाप्रभु-जयन्ती
        होलिकादाह रात्रिमें ६.५८ बजे भद्राके बाद 
मैं नहीं, मेरा नहीं 


(गत ब्लॉगसे आगेका)

श्रोता‒कई महिलाएँ भूलसे गर्भपात करवा चुकी हैं । उनके लिये क्या प्रायश्चित्त है, जिससे उनके कल्याणमें कोई बाधा नहीं रहे ?

स्वामीजी‒नामजप करें । सवा लाखसे कम नहीं और तीन लाखसे ज्यादा नहीं‒इतना नामजप रोजाना (एक वर्षतक) करें । भगवान्‌से प्रार्थना करें कि फिर कभी ऐसा काम नहीं करूँगी । सब माफ हो जायगा ।

श्रोता‒शरीरके रहते हुए भगवत्प्राप्ति होनेकी क्या कसौटी है ? कैसे पता चले कि भगवत्प्राप्ति हो गयी ?

स्वामीजी‒भोजन करनेकी क्या कसौटी है ? जल पीनेकी क्या कसौटी है ? बताओ । मानो तृप्त हो गये, अब कुछ भी नहीं चाहिये । इस तरह कुछ भी नहीं चाहिये, कभी भी नहीं चाहिये, किंचिन्मात्र भी नहीं चाहिये-यह कसौटी है । भगवत्प्राप्ति होनेपर स्वप्नमें भी कोई चाहना नहीं रहती । सदाके लिये तृप्ति हो जाती है ।

श्रोता‒सन्तकी लिखी हुई पुस्तक पढ़ना, सन्तके मुखसे प्रवचन सुनना और सन्तके पास जाकर बैठना‒इन तीनोंमें कौन-सी बात श्रेष्ठ है ?

स्वामीजी‒सन्तके वचन पढ़ना-सुनना और वचनोंमें जो अच्छा लगे, उनका पालन करना ।

श्रोता‒मेरी सन्तोंके दर्शनकी इच्छा होती है, पर पतिदेव मना करते हैं ! वे कहते हैं कि सन्तोंके दर्शनसे क्या मिलता है ? उनको क्या समझाऊँ ?

स्वामीजी‒सन्तोंके दर्शनसे पाप दूर हो जाते हैं‒‘संत दरस जिमि पातक टरई’ (मानस, किष्णिन्धा॰ १७ । ३) ।

गंगा पापं शशी तापं   दैन्यं कल्पतरुर्हरेत् ।
पापं ताप तथा दैन्यं सद्य: साधुसमागमः ॥
                             (र्गासहिता, अश्वमेध॰ ६२ । ९)

‘गंगा पापका, चन्द्रमा तापका और कल्पवृक्ष दीनताका नाश करता है । परन्तु सन्तोंका संग पाप, ताप और दीनता‒तीनोंका तत्काल नाश कर देता है ।’

श्रोता‒मैंने बहुत मन्दिरोंके, तीर्थोंके दर्शन किये, पर मेरी श्रद्धा नहीं हो रही है, क्या करूँ ?

स्वामीजी‒कोई हर्ज नहीं । भगवान्‌पर श्रद्धा होती है कि नहीं ?

श्रोता‒भगवान्‌पर श्रद्धा होती है ।

स्वामीजी‒बस, एक भगवान्‌पर श्रद्धा करो । अन्य किसीपर श्रद्धा करनेकी जरूरत नहीं । न साधुओंपर श्रद्धा करनेकी जरूरत है, न तीर्थोंपर । एक कहावत है कि हाथीके पैरमें सब पैर समा जाते हैं‒‘सर्वे पदा हस्तिपदे निमग्नाः’ ।

श्रोता‒भगवान्‌के स्मरण और ध्यानमें क्या अन्तर है ?

स्वामीजी‒स्मरण पहले होता है, ध्यान पीछे होता है । स्मरणमें बार-बार भगवान्‌की याद आती है । ध्यानमें वृत्ति भगवान्‌में लग जाती है । वृत्ति तल्लीन होनेपर समाधि होती है ।


   (शेष आगेके ब्लॉगमें)
‒‘मैं नहीं, मेरा नहीं’ पुस्तकसे