।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
ज्येष्ठ शुक्ल द्वादशी, वि.सं.२०७७ बुधवार
सच्‍ची मनुष्यता



संग्रह करना और भोग भोगना–ये दोनों परमात्मतत्त्वकी प्राप्तिमें बाधक हैं । रुपये-पैसे मेरे पास आ जायँ, सामग्री मेरेको मिल जाय, भोग मैं भोग लूँ–यह जो भीतरकी लालसा है, यह परमात्मतत्त्वकी प्राप्ति नहीं होने देती । कारण कि संग्रह करेगा तो शरीरसे ही करेगा और सुख भोगेगा तो शरीरसे ही भोगेगा । अतः इस हाड़-माँसके पुतलेमें लिप्त रहनेसे, इसकी गुलामी करनेसे चिन्मय तत्त्वकी प्राप्ति नहीं होगी । परन्तु दूसरोंके सुखमें सुखी होनेसे भोग भोगनेकी इच्छा और दूसरोंके दुःखमें दुःखी होनेसे अपने लिये संग्रहकी इच्छा नहीं रहती ।

दूसरेके दुःखसे दुःखी होनेसे उसका दुःख दूर करनेका विचार होगा । जैसे अपना दुःख दूर करनेके लिये हम पैसे खर्च कर देते हैं, ऐसे ही दूसरेका दुःख दूर करनेके लिये हम पैसे खर्च कर देंगे । हम ज्यादा संग्रह नहीं कर सकेंगे ! अगर संग्रह ज्यादा हो भी जायगा, तो उसमें अपनापन नहीं रहेगा कि यह तो सबकी चीज है । इसीलिये भागवतमें आया है–

यावद भ्रियते जठरं तावत् स्वत्वं हि देहिनाम् ।
अधिकं योऽभिमन्येत   स   स्तेनो  दण्डमर्हति ॥
                                          (श्रीमद्भागवत ७/१४/८)


जितनेसे पेट भर जाय, उतनी ही चीज मनुष्यकी है । मतलब यह है कि जितनेसे भूख मिट जाय, उतना अन्न; जितनेसे प्यास मिट जाय, उतना जल; जितनेसे शरीर निर्वाह हो जाय, उतना कपड़ा और मकान–यह अपना है । इसके सिवा अधिक अन्न है, जल है, वस्त्र है, मकान है, निर्वाहकी अधिक सामग्री है, उसको जो अपना मानता है–अपना अधिकार जमाता है, वह चोर है, उसको दण्ड मिलेगा । वह कहता है कि हम किसीसे लाये है, यह तो हमारी है । पर वह हमारी कैसे ? क्योंकि जब जन्मे, तब एक धागा साथ लाये नहीं और जब मरेंगे, तब एक कौड़ी साथ जायेगी नहीं । अतः हमारे पास जो अधिक सामग्री है, वह उसकी है, जिसके पास सामग्रीका अभाव है । जो दूसरोंके दुःखसे दुःखी होता है , वह अपने सुखके लिये भोग और संग्रहकी इच्छा नहीं करता । उसमें करुणाका, दयाका भाव पैदा होता है । करुणामें जो रस है, आनन्द है, वह भोगोंमें नहीं है ।

|
।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी, वि.सं.२०७७ मंगलवार
निर्जला एकादशी
सच्‍ची मनुष्यता



अपने सुखसे सुखी होना और अपने दुःखसे दुःखी होना–यह पशुता है; तथा दूसरेके सुखसे सुखी होना और दूसरेके दुःखसे दुःखी होना–यह मनुष्यता है । अतः जबतक दूसरेके सुखसे सुखी होने और दूसरेके दुखसे दुःखी होनेका स्वभाव नहीं बन जाता, तबतक वह मनुष्य कहलानेके लायक नहीं है । वह आकृतिसे चाहे मनुष्य दीखे, पर वास्तवमें मनुष्य नहीं है । जबतक खुदके सुखसे सुखी होंगे और खुदके दुःखसे दुःखी होंगे, तबतक मनुष्यता नहीं आयेगी ।

जो अपने सुखके लिये दूसरोंकी हानि करता है, वह मनुष्य कहलानेलायक नहीं है । मनुष्य वही होता है, जो अपने स्वार्थका त्याग करके दूसरेका हित करे, कम-से-कम दूसरेका नुकसान न करे । अतः यह शिक्षा ग्रहण करनी है कि हमारे द्वारा किसीको किंचिन्मात्र भी दुःख न हो । दूसरोंका दुःख कैसे मिटे–इससे भी आगे दूसरोंके हितकी दृष्टि रखो कि दूसरोंका हित कैसे हो ? प्राणिमात्रके हितमें रति हो–‘सर्वभूतहिते रताः’ (गीता ५/१५; १२/४) । दूसरोंका हित कितना करना है, कितना नहीं करना है–इसकी आवश्यकता ही नहीं । हमारे पास जितनी सामर्थ्य है, जितनी योग्यता है, जितनी सामग्री है, उसीको दूसरोंके हितमें लगाना है, उतनी ही हमारी जिम्मेवारी है । सबको सुखी बना दे–यह किसी मनुष्यकी ताकत नहीं है । यह इतनी कठिन बात है कि दुनियाके सब-के-सब आदमी मिलकर अगर एक आदमीको भी सुख पहुँचानेकी चेष्टा करें, तो भी उसको सुखी नहीं कर सकते । कारण कि उसमें जो धनकी, भोगोंकी, मानकी, बड़ाईकी, आरामकी लालसा है, वह ज्यों-ज्यों धन, भोग आदि मिलेंगे, त्यों-ही-त्यों अधिक बढ़ती जायगी–‘जिमि प्रतिलाभ लोभ अधिकाई ।’ अधिक-से-अधिक धन आदि मिलनेपर भी वह तृप्त नहीं हो सकता । जब सम्पूर्ण दुनिया मिलकर भी एक आदमीको सुखी नहीं कर सकती, तो एक आदमी दुनियाके दुःखको दूर कैसे करेगा ? परन्तु ‘दूसरेको सुख कैसे हो’–यह भाव सब बना सकते हैं, चाहे वह भाई हो या बहन हो, बालक हो या जवान हो, धनी हो या निर्धन हो । सांसारिक चीजोंमें किसीको अधिकार मिला है, किसीको नहीं मिला है; परन्तु हृदयसे सबका हित चाहनेका अधिकार सबको मिला है । इस अधिकारसे कोई भी वंचित नहीं है ।

जो अपनी शक्तिके अनुसार दूसरोंका भला करता है, उसका भला भगवान्‌ अपनी शक्तिके अनुसार करते हैं । वह अपनी पूरी शक्ति लगा देता है, तो भगवान्‌ भी अपनी पूरी शक्ति लगा देते हैं । जब भगवान्‌ अपनी शक्ति लगा देंगे, तो वह दुःखी कैसे रहेगा ? उसको कोई दुःखी कर ही नहीं सकता । वह भगवान्‌को प्राप्त हो जाता है–‘ते प्राप्नुवन्ति मामेव सर्वभूतहिते रताः ।’ (गीता १२/४)

सर्वे  भवन्तु  सुखिनः    सर्वे  सन्तु  निरामयाः ।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत् ॥


सब सुखी हो जायँ, सबके आनन्द-मंगल हो, कभी किसीको किंचिन्मात्र भी कष्ट न हो–यह जिसका भाव बन जाय, वही मनुष्य कहलानेलायक है । जबतक वह दूसरेके दुःखसे दुःखी नहीं होता, तबतक वह मनुष्य कहलानेलायक नहीं है । दूसरी एक बात है–जो दूसरोंके दुःखसे दुःखी होता है, उसको अपने दुःखसे दुःखी नहीं होना पड़ता । आपलोग ध्यान दें, अपने दुःखसे दुःखी उसीको होना पड़ता है, जो दूसरोंके दुःखसे दुःखी नहीं होता और दूसरोंके सुखसे सुखी नहीं होता । वही संग्रही बनता है और अपने सुखका भोगी बनता है । उसको सुखका अभाव रहता है, कमी रहती है । परन्तु जो दूसरोंके सुखसे सुखी होता है, उसको सुखकी कमी रहती ही नहीं । कमी कैसे नहीं रहती ? कि उसको अपने सुखभोगकी इच्छा ही नहीं रहती ।

|
।। श्रीहरिः ।।


आजकी शुभ तिथि–
ज्येष्ठ शुक्ल दशमी, वि.सं.२०७७ सोमवार
गंगादशहरा
मनुष्य-जीवनकी सफलता



एक साधुकी बात सुनी । कुछ साधु बद्रीनारायण गये थे । वहाँ एक साधुकी अँगुलीमें पीड़ा हो गयी, तो किसीने कहा कि आप पीड़ा भोगते हो, यहाँ अस्पताल है, सबका मुफ्तमें इलाज होता है । आप जा करके पट्टी बँधवा लो । उस साधुने उत्तर दिया कि यह पीड़ा तो मैं भोग लूँगा, पर मैं किसीको पट्टी बाँधनेके लिये कहूँ–यह पीड़ा मैं नहीं सह सकूँगा ! ऐसे त्यागका उदाहरण भी मेरेको एक ही मिला, और कोई उदाहरण नहीं मिला मेरेको । मेरेको यह बात इतनी बढ़िया लगी कि वास्तवमें यही साधुपना है, यही मनुष्यपना है । जैसे कुत्ता टुकड़ेके लिये फिरे, ऐसे जगह-जगह फिरनेवालेमें मनुष्यपना ही नहीं है, साधुपना तो दूर रहा । सेठजी (श्रीजयदयालजी गोयन्दका) गृहस्थी थे, पर वे भी कहते कि भजन करना हो तो मनसे पूछो कि कुछ चाहिये ? तो कहे कि कुछ नहीं चाहिये । ऐसा कहकर फिर भजन करे । जब गृहस्थाश्रममें रहनेवाले भी यह बात कह रहे हैं, तो फिर साधुको क्या चाहिये ?

श्रोता–महाराजजी ! हमारा काम कैसे चलेगा ?

स्वामीजी–हमें काम चलाना ही क्यों है, बन्द करना है ।

श्रोता–शरीरमें रोग हो गया तो दवाईके बिना काम कैसे चलेगा ?

स्वामीजी–काम नहीं चलेगा तो क्या होगा ? मर जाओगे । तो दवाई खानेवाले नहीं मरते क्या ?

श्रोता–तकलीफ पाकर मरेंगे ।

स्वामीजी–दवाई खानेवाले तकलीफ नहीं पाते हैं क्या ? दवाई खाते-खाते अन्तमें हार करके, थक करके मरेंगे तो तकलीफ उठाकर ही मरेंगे । बात तो वह-की-वह ही है । भीतरमें किसीसे चाहना नहीं होगी तो पराधीनताका दुःख नहीं पाना पड़ेगा । मौज रहेगी, आनन्द रहेगा ।

एक आदमी त्याग करता है और एक दरिद्री है । त्यागीके पास भी पैसा नहीं है और दरिद्रीके पास भी पैसा नहीं है । पैरमें जूती नहीं, सिरपर छाता नहीं, अंटीमें दाम नहीं ! अवस्था दोनोंकी बराबर ही है, पर भीतरसे हृदय भी बराबर है क्या ? त्यागीके हृदयमें एक विलक्षण आनन्द रहता है, जो पराधीन होनेसे नहीं मिलता । जिसको अमुक चीज चाहिये, अमुक दवाई आदि चाहिये, वह महान् पराधीन है ।

श्रोता‒रोगसे पीड़ा होती है ।

स्वामीजी–वैशाखके महीनेमें जो पंचाग्नि तपता है–दोपहरके समय ऊपरसे सूर्य तपता है और चारों तरफ अग्नि जलाकर बीचमें बैठा है, उस तपस्वीको क्या पीड़ा नहीं होती ? वह तप तो उसका मनगढंत है, पर यह रोगरूपी तप भगवान्‌का दिया हुआ है । बताओ, कौन-सा तप बढ़िया है ? अतः रोग होनेपर ऐसा माने कि भगवान्‌की इच्छासे तप हो रहा है, तो पीड़ामें भी आनन्द आयेगा । एक व्रत रखता है, कुछ खाता नहीं और एकको अन्न नहीं मिलता । दोनों ही भूखे रहते हैं । परन्तु व्रत रखनेवालेके मनमें अन्न न मिलनेका दुःख नहीं होता, प्रसन्नता होती है ।

नारायण !    नारायण !!    नारायण !!!


–‘भगवत्प्राप्तिकी सुगमता’ पुस्तकसे

|