।। श्रीहरिः ।।



  आजकी शुभ तिथि–
आषाढ़ शुक्ल दशमी, वि.सं.-२०८०, बुधवार

श्रीमद्भगवद्‌गीता

साधक-संजीवनी (हिन्दी टीका)



Listen


    

सम्बन्ध‒अब भगवान् आगेके श्‍लोकसे ‘स्थितप्रज्ञ कैसे बैठता है ?’ इस तीसरे प्रश्‍नका उत्तर आरम्भ करते हैं ।

सूक्ष्म विषय‒५८-५९ श्‍लोक‒कछुएके दृष्‍टान्तसे स्थितप्रज्ञके संयमका और उसके भीतर रहनेवाली रसबुद्धिकी निवृत्तिका वर्णन ।

       यदा   संहरते  चायं  कूर्मोऽङ्गानीव   सर्वशः ।

       इन्द्रियाणीन्द्रियार्थेभ्यस्तस्य प्रज्ञा प्रतिष्‍ठिता ॥ ५८ ॥

अर्थ‒जिस तरह कछुआ अपने अंगोंको सब ओरसे समेट लेता है, ऐसे ही जिस कालमें यह (कर्मयोगी) इन्द्रियोंके विषयोंसे इन्द्रियोंको सब प्रकारसे हटा लेता है, तब उसकी बुद्धि स्थिर हो जाती है ।

इव, च = जिस तरह

अयम् = यह (कर्मयोगी)

कूर्मः = कछुआ

इन्द्रियार्थेभ्यः = इन्द्रियोंके विषयोंसे

अङ्गानि = (अपने) अंगोंको

इन्द्रियाणि = इन्द्रियोंको (सब प्रकारसे हटा लेता है, तब)

सर्वशः = सब ओरसे

तस्य = उसकी

संहरते = समेट लेता है, (ऐसे ही)

प्रज्ञा = बुद्धि

यदा = जिस कालमें

प्रतिष्‍ठिता = स्थिर हो जाती है ।

व्याख्या‒‘यदा संहरते.....प्रज्ञा प्रतिष्‍ठिता’‒यहाँ कछुएका दृष्‍टान्त देनेका तात्पर्य है कि जैसे कछुआ चलता है तो उसके छः अंग दीखते हैं‒चार पैर, एक पूँछ और एक मस्तक । परन्तु जब वह अपने अंगोंको छिपा लेता है, तब केवल उसकी पीठ ही दिखायी देती है । ऐसे ही स्थितप्रज्ञ पाँच इन्द्रियाँ और एक मन‒इन छहोंको अपने-अपने विषयसे हटा लेता है । अगर उसका इन्द्रियों आदिके साथ किंचिन्मात्र भी मानसिक सम्बन्ध बना रहता है, तो वह स्थितप्रज्ञ नहीं होता ।

यहाँ ‘संहरते’ क्रिया देनेका मतलब यह हुआ कि वह स्थितप्रज्ञ विषयोंसे इन्द्रियोंका उपसंहार कर लेता है अर्थात् वह मनसे भी विषयोंका चिन्तन नहीं करता ।

इस श्‍लोकमें ‘यदा’ पद तो दिया है, पर ‘तदा’ पद नहीं दिया है । यद्यपि ‘यत्तदोर्नित्यसम्बन्धः’ के अनुसार जहाँ ‘यदा’ आता है, वहाँ ‘तदा’ का अध्याहार लिया जाता है अर्थात् ‘यदा’ पदके अन्तर्गत ही ‘तदा’ पद आ जाता है, तथापि यहाँ ‘तदा’ पदका प्रयोग न करनेका एक गहरा तात्पर्य है कि इन्द्रियोंके अपने-अपने विषयोंसे सर्वथा हट जानेसे स्वतःसिद्ध तत्त्वका जो अनुभव होता है, वह कालके अधीन, कालकी सीमामें नहीं है । कारण कि वह अनुभव किसी क्रिया अथवा त्यागका फल नहीं है । वह अनुभव उत्पन्‍न होनेवाली वस्तु नहीं है । अतः यहाँ कालवाचक ‘तदा’ पद देनेकी जरूरत नहीं है । इसकी जरूरत तो वहाँ होती है, जहाँ कोई वस्तु किसी वस्तुके अधीन होती है । जैसे आकाशमें सूर्य रहनेपर भी आँखें बंद कर लेनेसे सूर्य नहीं दीखता और आँखें खोलते ही सूर्य दीख जाता है, तो यहाँ सूर्य और आँखोंमें कार्य-कारणका सम्बन्ध नहीं है अर्थात् आँखें खुलनेसे सूर्य पैदा नहीं हुआ है । सूर्य तो पहलेसे ज्यों-का-त्यों ही है । आँखें बंद करनेसे पहले भी सूर्य वैसा ही है और आँखें बंद करनेपर भी सूर्य वैसा ही है । केवल आँखें बंद करनेसे हमें उसका अनुभव नहीं हुआ था । ऐसे ही यहाँ इन्द्रियोंको विषयोंसे हटानेसे स्वतःसिद्ध परमात्मतत्त्वका जो अनुभव हुआ है, वह अनुभव मनसहित इन्द्रियोंका विषय नहीं है । तात्पर्य है कि वह स्वतःसिद्ध तत्त्व भोगों (विषयों)-के साथ सम्बन्ध रखते हुए और भोगोंको भोगते हुए भी वैसा ही है । परन्तु भोगोंके साथ सम्बन्धरूप परदा रहनेसे उसका अनुभव नहीं होता और यह परदा हटते ही उसका अनुभव हो जाता है ।

गीता-प्रबोधनी व्याख्या‒स्वयं नित्य-निरन्तर ज्यों-का-त्यों रहता है और शरीर नित्य-निरन्तर बदलता रहता है; अतः दोनोंके स्वभावमें कोई अन्तर नहीं पड़ता । परन्तु जब स्वयं शरीरके साथ मैं-मेरेका सम्बन्ध मान लेता है, तब बुद्धिमें (शरीर-संसारका असर पड़नेसे) अन्तर पड़ने लगता है । मैं-मेरापन मिटनेसे बुद्धिमें जो अन्तर पड़ता था, वह मिट जाता है और बुद्धि स्थिर हो जाती है । बुद्धि स्थिर होनेसे स्वयं अपने-आपमें ही स्थित हो जाता है ।

രരരരരരരരരര



।। श्रीहरिः ।।

 


  आजकी शुभ तिथि–
आषाढ़ शुक्ल नवमी, वि.सं.-२०८०, मंगलवार

श्रीमद्भगवद्‌गीता

साधक-संजीवनी (हिन्दी टीका)



Listen


    

यः  सर्वत्रानभिस्‍नेहस्तत्तत्प्राप्य  शुभाशुभम् ।

         नाभिनन्दति न द्वेष्‍टि तस्य प्रज्ञा प्रतिष्‍ठिता ॥ ५७ ॥

अर्थ‒सब जगह आसक्तिरहित हुआ जो मनुष्य उस-उस शुभ-अशुभको प्राप्‍त करके न तो प्रसन्‍न होता है और न द्वेष करता है, उसकी बुद्धि स्थिर है ।

सर्वत्र = सब जगह

अभिनन्दति = प्रसन्‍न होता है (और)

अनभिस्‍नेहः = आसक्तिरहित हुआ

न = न

यः = जो मनुष्य

द्वेष्‍टि = द्वेष करता है,

तत, तत् = उस-उस

तस्य = उसकी

शुभाशुभम् = शुभ-अशुभको

प्रज्ञा = बुद्धि

प्राप्य = प्राप्‍त करके

प्रतिष्‍ठिता = स्थिर है ।

न = न तो

 

व्याख्या‒[ पूर्वश्‍लोकमें तो भगवान्‌ने कर्तव्यकर्म करते हुए निर्विकार रहनेकी बात बतायी । अब इस श्‍लोकमें कर्मोंके अनुसार प्राप्‍त होनेवाली अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थितियोंमें सम, निर्विकार रहनेकी बात बताते हैं । ]

‘यः सर्वत्रानभिस्‍नेहः’‒जो सब जगह स्‍नेहरहित है अर्थात् जिसकी अपने कहलानेवाले शरीर, इन्द्रियाँ, मन, बुद्धि एवं स्‍त्री, पुत्र, घर, धन आदि किसीमें भी आसक्ति, लगाव नहीं रहा है ।

वस्तु आदिके बने रहनेसे मैं बना रहा और उनके बिगड़ जानेसे मैं बिगड़ गया, धनके आनेसे मैं बड़ा हो गया और धनके चले जानेसे मैं मारा गया‒यह जो वस्तु आदिमें एकात्मताकी तरह स्‍नेह है, उसका नाम ‘अभिस्‍नेह’ है । स्थितप्रज्ञ कर्मयोगीका किसी भी वस्तु आदिमें यह अभिस्‍नेह बिलकुल नहीं रहता । बाहरसे वस्तु, व्यक्ति, पदार्थ आदिका संयोग रहते हुए भी वह भीतरसे सर्वथा निर्लिप्‍त रहता है ।

‘तत्तत्प्राप्य शुभाशुभं नाभिनन्दति न द्वेष्‍टि’‒जब उस मनुष्यके सामने प्रारब्धवशात् शुभ-अशुभ, शोभनीय-अशोभनीय, अच्छी-मन्दी, अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थिति आती है, तब वह अनुकूल परिस्थितिको लेकर अभिनन्दित नहीं होता और प्रतिकूल परिस्थितिको लेकर द्वेष नहीं करता ।

अनुकूल परिस्थितिको लेकर मनमें जो प्रसन्‍नता आती है और वाणीसे भी प्रसन्‍नता प्रकट की जाती है तथा बाहरसे भी उत्सव मनाया जाता है‒यह उस परिस्थितिका अभिनन्दन करना है । ऐसे ही प्रतिकूल परिस्थितिको लेकर मनमें जो दुःख होता है, खिन्‍नता होती है कि यह कैसे और क्यों हो गया ! यह नहीं होता तो अच्छा था, अब यह जल्दी मिट जाय तो ठीक है‒यह उस परिस्थितिसे द्वेष करना है । सर्वत्र स्‍नेहरहित, निर्लिप्‍त हुआ मनुष्य अनुकूलताको लेकर अभिनन्दन नहीं करता और प्रतिकूलताको लेकर द्वेष नहीं करता । तात्पर्य है कि उसको अनुकूल-प्रतिकूल, अच्छे-मन्दे अवसर प्राप्‍त होते रहते हैं, पर उसके भीतर सदा निर्लिप्‍तता बनी रहती है ।

‘तत्, तत्’ कहनेका तात्पर्य है कि जिन-जिन अनुकूल और प्रतिकूल वस्तु, व्यक्ति, घटना, परिस्थिति आदिसे विकार होनेकी सम्भावना रहती है और साधारण लोगोंमें विकार होते हैं, उन-उन अनुकूल-प्रतिकूल वस्तु आदिके कहीं भी, कभी भी और कैसे भी प्राप्‍त होनेपर उसको अभिनन्दन और द्वेष नहीं होता ।

‘तस्य प्रज्ञा प्रतिष्‍ठिता’‒उसकी बुद्धि प्रतिष्‍ठित है, एकरस और एकरूप है । साधनावस्थामें उसकी जो व्यवसायात्मिका बुद्धि थी, वह अब परमात्मामें अचल-अटल हो गयी है । उसकी बुद्धिमें यह विवेक पूर्णरूपसे जाग्रत् हो गया है कि संसारमें अच्छे-मन्देके साथ वास्तवमें मेरा कोई भी सम्बन्ध नहीं है । कारण कि ये अच्छे-मन्दे अवसर तो बदलनेवाले हैं, पर मेरा स्वरूप न बदलनेवाला है; अतः बदलनेवालेके साथ न बदलनेवालेका सम्बन्ध कैसे हो सकता है ?

वास्तवमें देखा जाय तो फर्क न तो स्वरूपमें पड़ता है और न शरीर-इन्द्रियाँ-मन-बुद्धिमें । कारण कि अपना जो स्वरूप है, उसमें कभी किंचिन्मात्र भी कोई परिवर्तन नहीं होता और प्रकृति तथा प्रकृतिके कार्य शरीरादि स्वाभाविक ही बदलते रहते हैं । तो फर्क कहाँ पड़ता है ? शरीरसे तादात्म्य होनेके कारण बुद्धिमें फर्क पड़ता है । जब यह तादात्म्य मिट जाता है, तब बुद्धिमें जो फर्क पड़ता था, वह मिट जाता है और बुद्धि प्रतिष्‍ठित हो जाती है ।

दूसरा भाव यह है कि किसीकी बुद्धि कितनी ही तेज क्यों न हो और वह अपनी बुद्धिसे परमात्माके विषयमें कितना ही विचार क्यों न करता हो, पर वह परमात्माको अपनी बुद्धिके अन्तर्गत नहीं ला सकता । कारण कि बुद्धि सीमित है और परमात्मा असीम-अनन्त हैं । परन्तु उस असीम परमात्मामें जब बुद्धि लीन हो जाती है, तब उस सीमित बुद्धिमें परमात्माके सिवाय दूसरी कोई सत्ता ही नहीं रहती‒यही बुद्धिका परमात्मामें प्रतिष्‍ठित होना है ।

कर्मयोगी क्रियाशील होता है । अतः भगवान्‌ने छप्पनवें श्‍लोकमें क्रियाकी सिद्धि-असिद्धिमें अस्पृहा और उद्वेग-रहित होनेकी बात कही तथा इस श्‍लोकमें प्रारब्धके अनुसार अपने-आप अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थितिके प्राप्‍त होनेपर अभिनन्दन और द्वेषसे रहित होनेकी बात कहते हैं ।

രരരരരരരരരര